Betul Crime News : एक महीने से लापता 7 वर्षीय खुश का सुराग नहीं, भैंसदेही के चिल्कापुर में चिंता और दहशत

On: February 24, 2026 10:28 AM
Follow Us:

Betul Crime News : बैतूल। जिले के भैंसदेही थाना क्षेत्र के चिल्कापुर गांव से 7 वर्षीय मासूम खुश माथनकर पिछले एक महीने से लापता है। 18 जनवरी को घर से बकरी लेने निकला खुश वापस नहीं लौटा। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार उसकी तलाश में जुटी हैं, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

परिजनों के अनुसार खुश 18 जनवरी की शाम स्कूल से घर लौटा था। उसने दादी से कहा कि वह बकरी लेने जा रहा है और घर से निकल गया। रास्ते में उसने अपने दोस्तों से भी यही बात कही, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं आया। देर शाम तक जब बच्चा घर नहीं पहुंचा तो परिजनों और ग्रामीणों ने पूरी रात गांव और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की, परंतु कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

19 जनवरी को परिजनों ने भैंसदेही थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। तब से पुलिस लगातार तलाश कर रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) कमला जोशी के अनुसार एसडीआरएफ की टीम ने पांच दिनों तक इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया।

पुलिस ने आसपास के जिलों में बच्चे के पोस्टर चस्पा किए हैं। अनाथालयों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों पर भी खुश की तस्वीरें वितरित की गई हैं। संदिग्ध लोगों की कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है और महाराष्ट्र पुलिस की मदद ली जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।

अफवाहों से बढ़ी चिंता

घटना के बाद क्षेत्र में बच्चा चोरी की अफवाहें फैल गई हैं, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोग अपने बच्चों को अकेले बाहर भेजने से बच रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और बच्चे के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment