Betul Crime News : बैतूल। आठनेर थाना क्षेत्र में सावंगी नदी की पुलिया के नीचे मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस हत्याकांड में पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान राजेश आज़ाद के रूप में हुई थी, जिसका शव 20 जनवरी को पुलिया के नीचे बरामद किया गया था।
मृतक के परिजन कृष्णा आज़ाद की सूचना पर आठनेर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, परिस्थितिजन्य तथ्यों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस को मामला संदिग्ध लगा। गहन जांच के बाद पुलिस ने इसे हत्या का प्रकरण पाया।
पहले मारपीट, फिर पुलिया से फेंका
पुलिस जांच में सामने आया कि 19-20 जनवरी की दरमियानी रात करीब डेढ़ बजे राजेश आज़ाद का विवाद नारायण खंडाइट और उसके बेटे ओम खंडाइट से हुआ था। विवाद के दौरान दोनों आरोपियों ने राजेश के साथ बेरहमी से मारपीट की।
मारपीट में घायल होने के बाद आरोपियों ने राजेश को मोटरसाइकिल पर बैठाया और मांडवी जोड़ स्थित पुलिया तक ले गए। वहां से उन्होंने राजेश को पुलिया के नीचे फेंक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पिता-पुत्र गिरफ्तार, सामान जब्त
पुलिस ने संदेह के आधार पर नारायण खंडाइट (55) और उसके बेटे ओम खंडाइट (27), दोनों निवासी मांडवी, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा और एक बिना नंबर की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है। मामले में अपराध क्रमांक 19/26 धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच जारी है।






