Betul Crime News : बैतूल। आमला थाना पुलिस ने रविवार देर शाम मुखबिर की सूचना पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गांजा बेचने की कोशिश करते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से 1 किलो 700 ग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया है, जिसकी बाजार में कीमत लगभग ₹11,700 बताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम बोरी के आगे भूमका बाबा मंदिर के पास बोरी–सारणी मार्ग पर एक व्यक्ति गांजा बेचने की फिराक में बैठा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश सातनकर के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर रवाना हुई।
पुलिस को देखते ही संदिग्ध व्यक्ति ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास एक सफेद झोले में गांजा मिला। मौके पर मौजूद गवाहों के सामने बरामद सामग्री की पुष्टि मादक पदार्थ के रूप में की गई।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सागर वनखेडे (उम्र 18 वर्ष 7 माह), निवासी बगडोना बस्ती, थाना सारणी बताया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 682/2025 दर्ज करते हुए धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला कायम कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक बलराम यादव, उपनिरीक्षक अमित पवार, सहायक उपनिरीक्षक मूलचंद अनंत, आरक्षक नागेंद्र सिंह, नितेश, तिलक, आदेश, एवं महिला आरक्षक इमला का विशेष योगदान रहा।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।






