Betul Crime News : बैतूल। जिले के चर्चित ट्रिपल मर्डर केस के मुख्य आरोपी दीपक धुर्वे को शनिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ग्वालियर स्थित मानसिक रोग आरोग्य केंद्र भेज दिया गया। उसे ग्वालियर जेल के विशेष सेल में रखा जाएगा, जहां मानसिक रूप से अस्वस्थ कैदियों के उपचार और निगरानी की विशेष व्यवस्था उपलब्ध है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी को बस के माध्यम से ग्वालियर रवाना किया गया। उसकी आक्रामक प्रवृत्ति को देखते हुए 11 पुलिसकर्मियों का विशेष दल भी साथ भेजा गया, ताकि रास्ते में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
नींद की दवा देकर भेजा
मुलताई टीआई देवकरण डहरिया ने बताया कि आरोपी का व्यवहार अत्यधिक आक्रामक था। सुरक्षा के मद्देनजर उसे नींद की दवा दी गई और अर्द्धबेहोशी की अवस्था में ही ग्वालियर के लिए रवाना किया गया। पुलिस पिछले दो दिनों से स्थानांतरण की औपचारिकताओं में जुटी हुई थी।

कोर्ट वारंट के बाद लिया गया निर्णय
इससे पहले मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) कोर्ट ने आरोपी का जेल वारंट जारी किया था, लेकिन बैतूल जिला जेल प्रशासन ने मानसिक रोगियों को रखने की समुचित व्यवस्था न होने की जानकारी दी। इसके बाद वारंट को ग्वालियर स्थानांतरित करने की अनुशंसा की गई।
मेडिकल रिपोर्ट और अन्य आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी को ग्वालियर भेज दिया।
वरिष्ठ अधिकारियों ने किया निरीक्षण
घटना के बाद नर्मदापुरम रेंज के आईजी मिथिलेश कुमार शुक्ला, कमिश्नर के. जी. तिवारी, कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी और एसपी वीरेंद्र जैन सावंगा गांव पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण कर चुके हैं। अधिकारियों ने फोरेंसिक टीम से जानकारी ली और ग्रामीणों से भी बातचीत की।
मानसिक स्वास्थ्य पर उठे सवाल
वरिष्ठ अधिकारियों ने इस घटना को मानसिक स्वास्थ्य की अनदेखी का गंभीर उदाहरण बताया है। उनका कहना है कि ग्रामीण स्तर पर मानसिक रोगियों की समय पर पहचान, उपचार और जागरूकता बेहद आवश्यक है।
फिलहाल आरोपी को ग्वालियर जेल स्थित मानसिक आरोग्य केंद्र में चिकित्सकों की निगरानी में रखकर उसकी मानसिक स्थिति की विस्तृत जांच और उपचार शुरू किया जाएगा।






