Betul Crime News : शहर के नेहरू पार्क स्थित अंबेडकर चौक पर संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के आसपास गंदगी पाए जाने से शहरवासियों और सामाजिक संगठनों में नाराजगी फैल गई है। प्रतिमा के चबूतरे और आसपास कचरा, खाली शराब की बोतलें व अन्य आपत्तिजनक सामग्री पड़ी मिली, जिससे बाबा साहेब के सम्मान को ठेस पहुंचने की बात कही जा रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि प्रतिमा के पास कपड़े सुखाए जाने की भी शिकायत सामने आई है, जिसे लोगों ने असंवेदनशील और अपमानजनक कृत्य बताया। नागरिकों के अनुसार यह गंदगी पिछले दो दिनों से वहीं पड़ी थी, जबकि नगर पालिका द्वारा प्रतिदिन सफाई किए जाने का दावा किया जाता है। इसके बावजूद कचरा नहीं हटाया गया, जिससे सफाई व्यवस्था की पोल खुल गई है।
पहले भी हो चुका है विवाद
गौरतलब है कि कुछ समय पहले इसी अंबेडकर चौक पर बाबा साहेब की प्रतिमा के हाथ पर गंदा कपड़ा बांधने की घटना सामने आई थी, जिससे पूरे शहर में भारी आक्रोश फैल गया था। उस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया था। अब एक बार फिर प्रतिमा स्थल पर गंदगी और शराब की बोतलें मिलने से प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल खड़े हो गए हैं।

सामाजिक संगठनों में रोष
अंबेडकर अनुयायियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने इस घटना को केवल स्वच्छता का नहीं, बल्कि सम्मान और संवेदनशीलता का गंभीर मामला बताया है। संगठनों का कहना है कि बाबा साहेब जैसे महान व्यक्तित्व की प्रतिमा के आसपास बार-बार इस तरह की घटनाएं होना नगर पालिका और प्रशासन की उदासीनता को दर्शाता है।
नगर पालिका ने कराई सफाई
सूचना मिलने के बाद नगर पालिका द्वारा सफाईकर्मियों को मौके पर भेजकर सफाई कराई गई। हालांकि नागरिकों का कहना है कि दो दिन बाद की गई यह कार्रवाई लापरवाही को ही उजागर करती है। लोगों ने मांग की है कि शहर के प्रमुख स्थलों और महापुरुषों की प्रतिमाओं की नियमित निगरानी, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।






