Betul Crime News : बैतूल। जिले के आठनेर थाना क्षेत्र में आयोजित फागुन मेले के दौरान पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या का प्रकरण दर्ज कर मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार घटना 5 मार्च की शाम ग्राम हिरादेही में लगे फागुन मेले की है। ग्राम बैरमढाना निवासी चश्मदीद रामप्रसाद ने बताया कि वह अपने रिश्तेदार के घर के बाहर खड़े थे, तभी वहां विवाद होते देखा। सातकुंड निवासी आरोपी मोहित बाडिया अपने साथियों के साथ मिलकर गोविंद और विशाल से गाली-गलौज और मारपीट कर रहा था।
विवाद बढ़ने पर किया चाकू से हमला
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने धारदार चाकू निकालकर दोनों युवकों पर हमला कर दिया। हमले में गोविंद की कमर में चाकू का गहरा वार किया गया, जबकि विशाल की जांघ और कंधे पर भी गंभीर चोटें आईं। घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गोविंद को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल विशाल का इलाज जारी है।

दो हफ्ते पहले DJ पर नाचने को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस हत्याकांड की वजह पुरानी रंजिश थी। करीब दो सप्ताह पहले एक शादी समारोह में डीजे पर नाचने को लेकर गोविंद, विशाल और आरोपी मोहित के बीच कहासुनी हुई थी। उसी विवाद की रंजिश में आरोपियों ने मेले में दोनों को अकेला पाकर हमला कर दिया।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। मामले की आगे की जांच की जा रही है।







