Betul Crime News : ट्रैक्टर फाइनेंस के नाम पर 150 आदिवासियों से धोखाधड़ी, ट्रैक्टर नहीं मिले, बैंक भेज रहे वसूली नोटिस

On: January 27, 2026 11:11 AM
Follow Us:

Betul Crime News : बैतूल। जिले में ट्रैक्टर फाइनेंस के नाम पर गरीब आदिवासी परिवारों के साथ बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने करीब 150 आदिवासियों के नाम पर ट्रैक्टर फाइनेंस करवा लिया, लेकिन न तो उन्हें ट्रैक्टर दिए गए और न ही इसकी जानकारी दी गई। मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित परिवारों को बैंकों से किस्त वसूली के नोटिस मिलने लगे।

ग्रामीणों के अनुसार, राजेश बिजायकर नामक व्यक्ति ने उन्हें आधार कार्ड व अन्य दस्तावेज लेकर ट्रैक्टर फाइनेंस कराने का झांसा दिया था। उसने कहा था कि ट्रैक्टर दो साल तक उसके पास रहेंगे और वह ही बैंक की किस्तें भरेगा। भरोसे में आकर ग्रामीणों ने अपने दस्तावेज उसे सौंप दिए।

ग्रामीणों का कहना है कि न तो उन्हें कभी ट्रैक्टर मिले और न ही फाइनेंस की कोई जानकारी दी गई। अब बैंकों से वसूली नोटिस मिलने पर पता चला कि उनके नाम पर ट्रैक्टर खरीदे जा चुके हैं, जिन्हें आरोपी ने अपने कब्जे में रख लिया।

पीड़ितों ने बताया कि उन्होंने 24 दिसंबर 2024 को जनसुनवाई में कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद मंगलवार को आदिवासी पीड़ित महिला जिला कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पा पंद्राम के साथ दोबारा कलेक्टर और एसपी से मिले और शिकायत दर्ज कराई।

शिकायतकर्ताओं में जियालाल शंकर धुर्वे, संतोष वीरेलाल, दशरथ मालतीसिंह, मानसिंह हीरालाल, भगवतसिंह रनु बाकरकर, रमनिकसिंह मंगलीसिंह सहित कई ग्रामीण शामिल हैं। पीड़ितों ने प्रशासन से दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और बैंकों द्वारा भेजे जा रहे वसूली नोटिस तत्काल रोकने की मांग की है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment