झल्लार थाना क्षेत्र के गुल्लर ढाणा के पास दर्दनाक सड़क हादसा
Betul Accident News : बैतूल जिले के झल्लार थाना क्षेत्र अंतर्गत गुल्लर ढाणा के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बेल ढाणा, थाना भैंसदेही निवासी सतीश डिकारे (20) अपने साथी अभिषेक गुणवंत राव (22) के साथ बाइक से जा रहा था। इसी दौरान गुल्लर ढाणा के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
इलाज के दौरान युवक की मौत
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल भैंसदेही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से अभिषेक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है। वहीं सतीश को भी जिला अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।
परिवार का एकमात्र सहारा था मृतक
बताया गया है कि मृतक सतीश महाराष्ट्र की एक निजी कंपनी में कार्यरत था। उसके पिता मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं और सतीश ही परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। परिवार में उसकी दो बहनें भी हैं। सतीश की मौत के बाद परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना मिलने पर जिला अस्पताल पुलिस चौकी ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। झल्लार थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार जिला अस्पताल से तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






