अज्ञात वाहन की टक्कर से 18 वर्षीय युवक की मौत, चालक फरार
Betul Accident News : बैतूल–नागपुर नेशनल हाईवे पर बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह घटना बोथिया जोड़ के पास हुई, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान झिटापाटी निवासी अम्मु (18 वर्ष), पिता गोंडी सरियाम, के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार अम्मु बुधवार रात बाइक से कहीं जा रहा था, तभी पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया।

मौके पर ही तोड़ा दम
हादसे की सूचना मिलते ही फोरलेन एंबुलेंस मौके पर पहुंची और युवक को जिला चिकित्सालय बैतूल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन बाद में शिनाख्त होने पर परिजनों को सूचना दी गई।
इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मातम
बताया जा रहा है कि मृतक अम्मु मजदूरी करता था और अनका वाड़ी में काम करता था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। गुरुवार सुबह जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। युवक की असमय मौत से गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर पुलिस आरोपी वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।






