Betul Accident News : बैतूल-नागपुर फोरलेन पर दर्दनाक हादसा: गन्ने से भरे ट्रैक्टर को कंटेनर ने मारी टक्कर, चालक की मौके पर मौत

On: February 20, 2026 6:29 AM
Follow Us:

Betul Accident News : बैतूल-नागपुर फोरलेन पर गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा परतापुर के पास सापना जलाशय क्षेत्र में हुआ, जहां गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए और वह दो हिस्सों में बंट गया।

घटना की सूचना मिलते ही बैतूल बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी अंजना धुर्वे ने बताया कि हादसा बेहद भयावह था। चालक का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया था। उसका एक हाथ गन्ने के बीच फंसा हुआ था, जिसे निकालने के लिए पुलिस को जेसीबी मशीन की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया।

हादसा बैतूल-नागपुर हाईवे पर मुलताई की ओर जाने वाली लेन में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कंटेनर तेज रफ्तार में था और पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराया। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय दूसरी लेन पर कोई अन्य वाहन नहीं गुजर रहा था, जिससे बड़ा सामूहिक हादसा टल गया।

पुलिस के मुताबिक, कंटेनर चालक को भी मामूली चोटें आई हैं। उसे प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है और पूछताछ की जा रही है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सापना जलाशय के पास का यह क्षेत्र पहले भी दुर्घटनाओं के लिए कुख्यात रहा है। ग्रामीणों ने यहां स्पीड कंट्रोल और सुरक्षा संकेतक लगाने की मांग की है। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment