Betul Accident News : बैतूल। चिचोली क्षेत्र स्थित गोंडी मंडई में सोमवार को 45 वर्षीय मोटर वाइंडर परसराम उर्फ बबलू ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। मृतक अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है।
परिजनों के अनुसार, घटना से कुछ समय पहले परसराम ने अपने भाई को फोन कर बताया था कि उन्होंने जहर खा लिया है। यह सुनते ही परिजन मौके के लिए रवाना हुए, लेकिन तब तक उनकी हालत गंभीर हो चुकी थी। उन्हें तत्काल चिचोली से जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया, जहां शाम करीब 6 बजे भर्ती कराया गया।
जिला अस्पताल में करीब तीन घंटे तक चले इलाज के बावजूद परसराम को बचाया नहीं जा सका और उनकी मौत हो गई। मृतक के भाई ने बताया कि परसराम स्वभाव से बहुत कम बोलने वाले थे और किसी परेशानी का जिक्र भी नहीं करते थे। आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया, यह परिजनों की समझ से परे है।
बताया गया कि जहर खाने से पहले परसराम ने फोन पर अपने भाई से बच्चों का ख्याल रखने की बात कही थी, जिससे परिजन और भी व्यथित हैं।
मंगलवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।






