Betul Accident News: बैतूल। जिले के आमला नगर के सर्राफा मार्केट में मंगलवार को बिजली लाइन ठीक करने के दौरान एक लाइनमैन करंट की चपेट में आ गया। हादसे में लाइनमैन खंभे से नीचे गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारी और स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल को सिविल अस्पताल आमला पहुंचाया। वहां से प्राथमिक इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल बैतूल भेजा गया, जहां परिजनों ने बेहतर उपचार के लिए उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
घायल की पहचान कुंवरलाल भूमरकर (58 वर्ष), निवासी आमला के रूप में हुई है। बताया गया कि वह सर्राफा मार्केट क्षेत्र में बिजली फॉल्ट सुधारने के लिए खंभे पर चढ़े थे। उसी दौरान उन्हें करंट का झटका लगा।
बिजली विभाग के अधिकारी विलास उईके ने बताया कि उस वक्त मुख्य लाइन की सप्लाई बंद थी, लेकिन संभवतः किसी इनवर्टर या अन्य उपकरण से रिटर्न करंट आने की वजह से हादसा हुआ।
करंट लगने के बाद संतुलन बिगड़ने से कुंवरलाल नीचे गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने फौरन उन्हें नीचे उतारा और अस्पताल पहुंचाया।






