Betul Accident News : बैतूल। चिचोली थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम हुए सड़क हादसे में घायल आईटीआई छात्र की शनिवार तड़के इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। हादसा बैतूल–इंदौर नेशनल हाइवे पर हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में छात्र की मां गंभीर रूप से घायल हो गई हैं।
मृतक की पहचान धनियाजाम निवासी 20 वर्षीय अरविंद सुखराम के रूप में हुई है। बताया गया कि हादसे में अरविंद को सीने में गंभीर चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे चिचोली से बैतूल जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां शनिवार तड़के इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, उसकी मां सलिया बाई (55) की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किए जाने की संभावना है।

परिजन चैनू पंडराम ने बताया कि यह हादसा मुन्ना मासाब के खेत के पास हुआ। अरविंद अपनी मां के साथ बाइक से घर लौट रहा था, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो महाराष्ट्र पासिंग है, जो उज्जैन से दर्शन कर लौट रही थी।
अरविंद चिचोली स्थित आईटीआई का छात्र था और अपने चार भाइयों व एक बहन में सबसे छोटा था। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। चिचोली पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।






