Betul Accident News : जिले के ग्राम चंदू के पास सोमवार दोपहर एक सड़क हादसा हो गया। बोलेरो वाहन का सामने का टायर अचानक फटने से वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। इस दुर्घटना में वाहन में सवार एक इंजीनियर सहित तीन शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बोलेरो वाहन बैतूल से ग्राम चंदू की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन चंदू गांव के पास पहुंचा, अचानक सामने का टायर फट गया। टायर फटते ही चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बोलेरो पलट गई।
हादसे में बैतूल निवासी इंजीनियर डेनी गौर (50), शिक्षक सुनील नंदनवार (50), शिक्षक मनोहर मालवी (55) और शिक्षक अनिल झोड़ (55) घायल हो गए। सभी किसी आवश्यक कार्य से ग्राम चंदू जा रहे थे। दुर्घटना में घायलों को हाथ, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद की। परिजनों को सूचना देने के बाद सभी घायलों को निजी वाहनों से जिला अस्पताल बैतूल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
मामले की सूचना पुलिस को दी गई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण टायर फटना बताया जा रहा है। आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।






