Betul Accident News : बैतूल–नागपुर नेशनल हाईवे पर रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मुलताई की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार कंटेनर अचानक अनियंत्रित हो गया और करीब 10 फीट चौड़ा डिवाइडर तोड़ते हुए विपरीत दिशा की लेन में घुस गया। इस दौरान सामने से आ रही बाइक उसकी चपेट में आ गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और छह साल का बच्चा घायल हो गए।
मृतक की पहचान नर्मदापुरम निवासी विकास राव के रूप में हुई है। वे पेशे से इलेक्ट्रिक मैकेनिक थे। बताया जा रहा है कि रविवार को विकास अपनी पत्नी और छह वर्षीय बेटे के साथ बाइक से मोहरखेड़ा गांव में एक तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कंटेनर बेकाबू होकर डिवाइडर तोड़ते हुए उनकी बाइक से जा टकराया।
टक्कर के बाद खेत में पलटा कंटेनर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कंटेनर की रफ्तार काफी तेज थी। डिवाइडर तोड़ने के बाद वह सामने से आ रही बाइक को टक्कर मारते हुए सड़क से काफी दूर एक खेत में जाकर पलट गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार विकास राव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पत्नी और मासूम घायल
हादसे में विकास की पत्नी और छह साल का मासूम बच्चा भी घायल हो गए। पत्नी के सामने ही पति की मौत हो जाने से वह सदमे में है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
डीजल रिसाव से बढ़ा खतरा
दुर्घटना के बाद खेत में पलटे कंटेनर से भारी मात्रा में डीजल का रिसाव होने लगा, जिससे आग लगने का खतरा पैदा हो गया था। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अंजना धुर्वे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और एहतियात के तौर पर पानी का टैंकर बुलवाया गया।
पुलिस ने मौके पर स्थिति को नियंत्रित करते हुए क्रेन की मदद से कंटेनर को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच भी की जा रही है।






