Betul Accident News : बोरिकास में रेत से भरा डंपर मकान पर पलटा, शादी से पहले लाखों का नुकसान

On: February 13, 2026 9:29 AM
Follow Us:

Betul Accident News : बैतूल। बैतूल बाजार थाना क्षेत्र के बोरिकास गांव में गुरुवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जब रेत से भरा एक अनियंत्रित डंपर सड़क किनारे बने मकान पर पलट गया। हादसे में मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि गनीमत रही कि घर के अंदर मौजूद परिवार के सदस्यों को कोई गंभीर चोट नहीं आई।

जानकारी के अनुसार डंपर तेज रफ्तार में था और चालक ने अचानक वाहन से नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित डंपर मकान की दीवार तोड़ते हुए अंदर तक घुस गया और पलट गया। घटना के समय घर में मौजूद लोग घबराकर किसी तरह बाहर निकले, जिससे बड़ी जनहानि टल गई।

यह हादसा आनंद राव सरेआम के घर पर हुआ है। बताया जा रहा है कि 22 फरवरी को उनकी बेटी की शादी तय है और घर में तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच हुए हादसे से परिवार को गहरा झटका लगा है। मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं एक बैलगाड़ी भी मलबे में दब गई। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक परिवार को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

हादसे में डंपर चालक करण विश्वकर्मा को भी चोटें आई हैं, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

थाना प्रभारी अंजना धुर्वे ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि डंपर भौरा से रेत लेकर गांव में ही बन रहे चेतराम निरापुरे के मकान की ओर जा रहा था।

घटना की जानकारी मिलने पर डंपर मालिक दिनेश मालवीय भी मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने डंपर हटवाने की कार्रवाई शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। टीआई अंजना धुर्वे के अनुसार फिलहाल किसी की मौत या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment