हिवरखेड़ी के पास हुआ हादसा, चालक फरार; दो गंभीर घायलों को भोपाल रेफर
Betul Truck Accident : बैतूल। इंदौर हाईवे पर चंडी दरबार से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा एक ट्रक रविवार देर रात अनियंत्रित होकर पलट गया। कोतवाली थाना क्षेत्र के हिवरखेड़ी के पास हुए इस दर्दनाक सड़क हादसे में 28 लोग घायल हो गए, जबकि एक बुजुर्ग श्रद्धालु की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार, श्रद्धालुओं से भरा ट्रक चंडी दरबार से लौट रहा था। इसी दौरान हिवरखेड़ी के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे ट्रक सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में घायल सलाईढाना निवासी 65 वर्षीय सुखीराम धुर्वे की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया था। उपचार के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई। वहीं दो अन्य घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर कर दिया है।
पुलिस के अनुसार हादसे में कुल 28 लोग घायल हुए थे। इनमें से कई घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि अन्य का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। अस्पताल प्रबंधन और प्रशासनिक अधिकारी घायलों के इलाज पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दुर्घटना चालक की लापरवाही के कारण हुई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने मृतक सुखीराम धुर्वे के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।

