Navtapa Weather Change : बैतूल। नवतपा के दौरान भीषण गर्मी झेल रहे बैतूल जिले में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। दोपहर बाद शहर सहित जिले के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश और ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को तपती गर्मी से बड़ी राहत मिली। समाचार लिखे जाने तक कई क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी था।
सोमवार दोपहर करीब 2 बजे के बाद आसमान में घने बादल छा गए। इसके कुछ ही देर बाद तेज हवाएं चलने लगीं और बारिश शुरू हो गई। अचानक बदले मौसम ने पूरे शहर का माहौल बदल दिया। बीते कई दिनों से तेज धूप और गर्म हवाओं से परेशान लोग बारिश का आनंद लेते नजर आए। बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर गया और वातावरण में ठंडक घुल गई।
मौसम विभाग ने पहले ही जिले में गरज-चमक, तेज हवा और बारिश की संभावना जताई थी। विभाग का पूर्वानुमान सोमवार को सटीक साबित हुआ। रविवार को बैतूल का अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, लेकिन बारिश के बाद इसमें और गिरावट महसूस की गई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बारिश और ठंडी हवाओं के कारण वास्तविक तापमान में करीब 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक कमी आई, जिससे तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास महसूस किया गया।
पिछले कुछ दिनों से जिले में तापमान लगातार नीचे आ रहा है। 28 मई को बैतूल का अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके बाद 29 मई को यह 40.4 डिग्री, 30 मई को 39.2 डिग्री और 31 मई को 37.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इस तरह केवल तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं न्यूनतम तापमान भी 27 डिग्री सेल्सियस से घटकर 22 डिग्री सेल्सियस रह गया है, जिससे रात के समय भी मौसम पहले की तुलना में काफी सुहावना हो गया है।
गौरतलब है कि मई महीने में बैतूल ने इस सीजन की सबसे भीषण गर्मी का सामना किया। 19 मई को जिले का अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो इस सीजन का सबसे अधिक तापमान रहा। इसके अलावा 11 मई से 29 मई तक लगातार 19 दिनों तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रहा। 30 मई को करीब 20 दिन बाद पहली बार तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आया था और अब बारिश के कारण मौसम में और बदलाव देखने को मिल रहा है।
इस वर्ष नवतपा 25 मई से शुरू हुआ था। सामान्यतः नवतपा के दौरान सबसे अधिक गर्मी पड़ती है और तापमान अपने उच्च स्तर पर पहुंच जाता है। हालांकि इस बार नवतपा के सातवें दिन ही मौसम ने बड़ा यू-टर्न ले लिया। बादलों की आवाजाही, तेज हवाओं और बारिश ने गर्मी की तीव्रता को काफी हद तक कम कर दिया है। जिले के कई इलाकों में लोगों ने लंबे समय बाद राहतभरी बारिश का आनंद लिया।
मौसम विभाग और विभिन्न मौसम एजेंसियों के पूर्वानुमान के अनुसार अगले एक सप्ताह तक जिले में मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है। 1 जून से 6 जून तक आंशिक बादल, गरज-चमक, तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हो चुकी हैं, जिसके चलते मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। यदि यही स्थिति बनी रही तो जून के पहले सप्ताह में भी बैतूलवासियों को भीषण गर्मी से राहत मिलती रहेगी।

