Betul Development Projects : बैतूल। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने शनिवार को शहर के बहुप्रतीक्षित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों के साथ मैराथन बैठक की। बैठक में मल्टीलेवल पार्किंग, क्रिकेट स्टेडियम, गंज मंडी कॉम्प्लेक्स, ताप्ती बैराज, आईएसबीटी सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।
विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं के लिए भूमि आवंटन या अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाएं लंबित हैं, उन्हें शीघ्र पूरा कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। उन्होंने कहा कि शहर के विकास से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
बैठक में जिला जेल की भूमि पर प्रस्तावित मल्टीलेवल पार्किंग और गार्डन निर्माण परियोजना को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया जारी है। इस पर विधायक ने आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी कर निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से शहर की पार्किंग समस्या के समाधान में मदद मिलेगी।
क्रिकेट स्टेडियम निर्माण पर विशेष फोकस
गोठाना क्षेत्र में प्रस्तावित करीब 9.5 एकड़ भूमि पर बनने वाले क्रिकेट स्टेडियम की प्रगति की भी समीक्षा की गई। विधायक ने स्टेडियम के डिजाइन, पहुंच मार्ग और पार्किंग व्यवस्था की जानकारी लेते हुए निर्माण प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
इसके अलावा गंज मंडी कॉम्प्लेक्स और अभिनंदन सरोवर कॉम्प्लेक्स जैसे व्यावसायिक विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गति लाने और निर्धारित समय सीमा में परियोजनाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए।
ताप्ती बैराज और जल परियोजनाओं पर भी हुई चर्चा
बैठक में जल संरक्षण और पेयजल व्यवस्था से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। विधायक ने लाखापुर से बैतूल तक विभिन्न डैम और बैराज विकसित करने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया। ताप्ती बैराज पर इंटेकवेल निर्माण, 22 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाने और बैराज मरम्मत कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। विधायक ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि शहर के महत्वपूर्ण विकास प्रोजेक्ट्स समय पर पूरे हो सकें और नागरिकों को उनका लाभ मिल सके।
