Betul Crime News : शादी समारोह में खूनी बवाल: बदमाशों ने की फायरिंग और चाकूबाजी, युवक गंभीर घायल

On: May 29, 2026 11:04 AM
Follow Us:
Betul Crime News

Betul Crime News :शादी समारोह में खूनी बवाल: बदमाशों ने की फायरिंग और चाकूबाजी, युवक गंभीर घायल

बैतूल कोतवाली थाना क्षेत्र के डुंडा बोरगांव में गुरुवार रात एक शादी समारोह उस समय रणभूमि में बदल गया, जब करीब 20 से 25 बदमाशों ने अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावर पिस्तौल और चाकू से लैस थे। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे दूसरे युवक के साथ भी मारपीट की गई। हमलावरों ने मौके पर खड़ी बाइक में भी जमकर तोड़फोड़ की। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, झाड़े गांव निवासी रोहित सरेआम अपने साथियों के साथ डुंडा बोरगांव में सरपंच के घर आयोजित शादी समारोह में पहुंचा था। बताया जा रहा है कि वहां पहले से मौजूद कुछ युवकों के साथ पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट, फायरिंग और चाकूबाजी तक पहुंच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने शादी समारोह में जमकर हंगामा किया। आरोपियों के हाथों में पिस्तौल और चाकू थे, जिससे समारोह में मौजूद लोग घबरा गए और इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान कई लोगों ने अपनी जान बचाकर मौके से भागने की कोशिश की।

घटना में घायल हुए सतीश धुर्वे (23) निवासी हिवरखेड़ी ने बताया कि आरोपियों ने पहले उसके साथ विवाद किया और फिर उस पर फायरिंग कर दी। हालांकि गोली उसे नहीं लगी। इसके बाद आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। सतीश के अनुसार, उसने झुककर खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन चाकू उसकी पीठ में जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल हालत में उसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया।

वहीं बीच-बचाव करने पहुंचे रविंद्र वीके (22) निवासी गोनीघाट के साथ भी आरोपियों ने बेरहमी से मारपीट की। उसके साथ हाथ-पैर और लात-घूंसों से हमला किया गया। घटना में वह भी घायल हुआ है।

घायलों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, एक दिन पहले दुधावानी गांव में आयोजित एक अन्य शादी समारोह में डीजे पर डांस करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ was। उस दौरान भी मारपीट हुई थी, जिसमें सतीश के सिर में चोट आई थी। हालांकि तब मामला शांत हो गया था और किसी भी पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।

बताया जा रहा है कि उसी विवाद की रंजिश में गुरुवार रात आरोपियों ने शादी समारोह में पहुंचकर हमला कर दिया। अचानक हुई इस हिंसक घटना से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और खुशियों का माहौल दहशत में बदल गया।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस जिला चिकित्सालय पहुंची और घायलों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई और अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।


Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment