Multai Fire Brigade : बैतूल जिले के ग्राम कान्हा खापा में गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात भीषण आग लगने से दो सगे भाइयों का कच्चा मकान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। हादसे में घरेलू सामान, अनाज और कृषि सामग्री जलने से लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। घटना देर रात करीब 3:34 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मोतीराम गायकवाड़ और हेमराज गायकवाड़ के मकान में अज्ञात कारणों से अचानक आग भड़क उठी। रात के समय धुआं और आग की तेज लपटें उठती देख परिवार के लोग और आसपास के ग्रामीण घबरा गए। ग्रामीणों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन देखते ही देखते आग ने पूरे कच्चे मकान को अपनी चपेट में ले लिया।
मुलताई और बैतूल बाजार से पहुंची फायर ब्रिगेड
घटना की सूचना मिलते ही नगर पालिका मुलताई और बैतूल बाजार से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। मुलताई नगर पालिका की दमकल और बैतूल बाजार से पहुंचे फायर वाहन के चालकों मनोज कवड़े, विजय बडघरे और दीपक अहिरवार सहित टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
30 बोरी गेहूं सहित घरेलू सामान जलकर राख
आगजनी की घटना में घरेलू सामान, कृषि उपकरण, भूसा और करीब 30 बोरी गेहूं जलकर नष्ट हो गया। मकान कच्चा होने के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब 4 लाख रुपए से अधिक की क्षति हुई है।
घटना के बाद गांव में लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रभावित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। राजस्व विभाग द्वारा नुकसान का आंकलन किए जाने की बात कही जा रही है।
