Betul Road Accident : बैतूल जिले के सोहागपुर के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद राहगीरों की सूचना पर दोनों युवकों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया था। बैतूल बाजार पुलिस ने शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए।
जानकारी के अनुसार, जामठी निवासी साजन धुर्वे (20) और जुना वाणी निवासी रवि धुर्वे (27) आपस में गहरे दोस्त थे। दोनों बाइक से कहीं जा रहे थे, तभी सोहागपुर के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। 28 मई की सुबह दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया। हालत नाजुक होने पर परिजन उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल ले गए।
इलाज के दौरान गुरुवार रात रवि धुर्वे ने दम तोड़ दिया, जबकि साजन धुर्वे की शुक्रवार तड़के मौत हो गई। हादसे के बाद दोनों गांवों में शोक का माहौल है।
मजदूरी कर चलाते थे परिवार
परिजनों ने बताया कि रवि और साजन ने पढ़ाई छोड़कर खेती और मजदूरी का काम शुरू कर दिया था। दोनों अक्सर काम की तलाश में गुजरात जाते थे। कुछ दिन पहले ही वे गुजरात से लौटे थे और बैतूल व आसपास के क्षेत्रों में मजदूरी कर रहे थे।
साजन के परिवार में माता-पिता, एक छोटा भाई और एक बहन हैं। वहीं रवि के परिवार में माता-पिता, दो भाई और एक बहन है। रवि की बहन टीकमगढ़ पुलिस में पदस्थ है। दोनों परिवार मजदूरी कर जीवनयापन करते हैं।
पेट दर्द से परेशान महिला ने खाया जहरीला पदार्थ, इलाज के दौरान मौत
इधर, जिले के शेरगढ़ क्षेत्र में एक महिला की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। मृतका की पहचान शिवकली सुखराम (36) के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार शिवकली लंबे समय से पेट दर्द से परेशान थी। गुरुवार को अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल लाया गया। जांच के दौरान पता चला कि महिला ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बताया गया कि शिवकली मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती थी। उसके दो बच्चे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
