Multai News : बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अंबोरी में शनिवार को एक लापता युवक का शव कुएं में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान हरिभाऊ बिहारे (40) निवासी अंबोरी के रूप में हुई है। वह बीते 19 मई से लापता थे, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट परिजनों ने मुलताई थाने में दर्ज कराई थी।
जानकारी के अनुसार, हरिभाऊ का शव उनके घर से करीब 200 मीटर दूर बंडू लोखंडे के खेत स्थित कुएं में तैरता हुआ मिला। ग्रामीणों ने कुएं में शव दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी एसआई दिनेश कुमरे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की सहायता से शव को कुएं से बाहर निकलवाया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक मानसिक रूप से अस्वस्थ थे और उनका इलाज मुलताई के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। परिजनों ने बताया कि 19 मई को हरिभाऊ बिना किसी को बताए घर से निकल गए थे, जिसके बाद उनका कोई सुराग नहीं मिला था।
पुलिस ने मौके पर मर्ग पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। चौकी प्रभारी दिनेश कुमरे ने बताया कि पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और मौत के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।
