Betul News : बैतूल। गर्मी के मौसम में संभावित जल संकट और पेयजल आपूर्ति बाधित होने की स्थिति से निपटने के लिए बैतूल नगर पालिका ने विशेष तैयारी शुरू कर दी है। शहर के अलग-अलग वार्डों में मौजूद 59 नलकूपों और हैंडपंपों को वैकल्पिक जल स्रोत के रूप में तैयार किया गया है, ताकि आपात स्थिति में नागरिकों को पानी की समस्या का सामना न करना पड़े।
मुख्य नगरपालिका अधिकारी नवनीत पांडेय ने बताया कि वर्तमान में शहर के 33 वार्डों में ताप्ती बैराज स्थित इंटेकवेल से पानी की टंकियां भरकर सप्लाई की जाती है। यहां 335 एचपी क्षमता की तीन मोटरें लगी हुई हैं, जिनमें एक मोटर स्टैंडबाय पर रहती है, जबकि दो मोटरें रोटेशन के आधार पर फिल्टर प्लांट तक कच्चा पानी पहुंचाती हैं।
सीएमओ ने बताया कि बीते दिनों मोटरों के बार-बार खराब होने और जलने से शहर की पेयजल व्यवस्था प्रभावित हुई थी। इसी को देखते हुए नगर पालिका ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत 59 नलकूपों में 1 एचपी की मोटरें स्थापित की हैं। यदि भविष्य में मोटर पंप खराब होते हैं, पाइपलाइन में लीकेज होता है या बिजली सप्लाई बाधित होती है, तो इन नलकूपों के माध्यम से नागरिकों को सीधे पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।
नगर पालिका ने नागरिकों से अपील की है कि आपात स्थिति में वे अपने संबंधित वार्ड के पार्षदों से संपर्क कर नलकूपों के जरिए पेयजल प्राप्त कर सकते हैं।
शहर के कई वार्डों में बनाई गई व्यवस्था
नगर पालिका द्वारा सुभाष वार्ड, अर्जुन वार्ड, दुर्गा वार्ड, शिवाजी वार्ड, गांधी वार्ड, मोती वार्ड, जवाहर वार्ड, राजेंद्र वार्ड, टैगोर वार्ड, विवेकानंद वार्ड और जयप्रकाश वार्ड सहित कई इलाकों में मोटरयुक्त नलकूप तैयार किए गए हैं।
इसके अलावा कोर्ट परिसर, नगर पालिका कॉम्प्लेक्स, एसपी बंगला परिसर, सराय कॉम्प्लेक्स, मीडिया सेंटर, कोठी बाजार शौचालय परिसर और एसपी ऑफिस शनि मंदिर जैसे प्रमुख स्थानों पर भी वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था की गई है।
