Betul Crime News : गंज थाना क्षेत्र में नाले से अज्ञात युवक का शव मिलने का मामला सामने आया है। तीन दिन तक पहचान नहीं होने पर पुलिस ने सामाजिक संगठनों और नगर पालिका कर्मचारियों की मदद से युवक का हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार कराया।
पुलिस के अनुसार 20 मई की रात करीब 9 बजे सूचना मिली थी कि हमलापुर के मांझी नगर स्थित ‘अपना ढाबा’ के पास नाले में एक शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है। उसकी लंबाई करीब 5 फीट 5 इंच, रंग गेहुआ, चेहरा गोल और बाल काले थे। युवक की हल्की दाढ़ी-मूंछ थी। शव पर कोई कपड़ा नहीं था, जबकि कमर में काला धागा और दाहिने हाथ में कुसुम का कलेवा बंधा मिला। पेट पर जलने का पुराना निशान भी पाया गया।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पहचान के लिए जिला अस्पताल बैतूल के फ्रीजर में सुरक्षित रखवाया। आसपास के क्षेत्रों और अन्य थानों में भी युवक की पहचान के प्रयास किए गए, लेकिन शुक्रवार तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।
पहचान नहीं होने पर जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद पुलिस, नगर पालिका कर्मचारियों और सामाजिक संगठनों की मौजूदगी में युवक का हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार किया गया।
पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान के प्रयास अब भी जारी हैं। आसपास के जिलों और थानों में जानकारी भेजी गई है, ताकि युवक की शिनाख्त हो सके और मामले से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके।
