Betul News : बैतूल में आशा-ऊषा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, लंबित भुगतान और मानदेय बढ़ाने की मांग

On: May 21, 2026 11:31 AM
Follow Us:

Betul News : बैतूल में आशा एवं ऊषा कार्यकर्ताओं ने बुधवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के नाम ज्ञापन सौंपते हुए लंबित प्रोत्साहन राशि का भुगतान और अन्य समस्याओं के जल्द समाधान की मांग उठाई। प्रदर्शन का नेतृत्व आशा ऊषा महिला संगठन की जिलाध्यक्ष शबाना खान ने किया।

ज्ञापन में कार्यकर्ताओं ने बताया कि पिछले तीन माह से प्रोत्साहन राशि का भुगतान नहीं होने से उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने लंबित राशि का तत्काल भुगतान कराने की मांग की। साथ ही केंद्र सरकार द्वारा बढ़ाई गई 1500 रुपये की राशि का एरियर सहित भुगतान करने, हर महीने की 5 तारीख तक नियमित भुगतान सुनिश्चित करने और भुगतान की स्लिप उपलब्ध कराने की मांग भी रखी।

कार्यकर्ताओं ने वर्ष 2023 में तत्कालीन मुख्यमंत्री द्वारा घोषित वार्षिक वृद्धि राशि के भुगतान की मांग भी उठाई। इसके अलावा ड्यूटी के दौरान दुर्घटना में घायल होने पर एक लाख रुपये और मृत्यु होने पर परिवार को 10 लाख रुपये सहायता राशि देने की मांग ज्ञापन में शामिल रही।

ज्ञापन में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों पर अनावश्यक दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए शिकायतों की निष्पक्ष जांच की मांग की गई। संगठन ने सभी डिलीवरी पॉइंट पर आशा रेस्ट रूम की व्यवस्था, आशा कल्याणकारी योजना के तहत शिक्षा प्रोत्साहन राशि का भुगतान, आशा कार्यकर्ताओं को 21 हजार रुपये मानदेय देने तथा एंड्रॉयड मोबाइल और डाटा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी प्रशासन के सामने रखी।

आशा एवं ऊषा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि लंबित भुगतान और अन्य मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment