Train Accident News : जौलखेड़ा के पास रेलवे ट्रैक पर युवक का शव मिलने से सनसनी, पहचान में जुटी पुलिस

Follow Us:

Train Accident News : बैतूल जिले के मुलताई-दिल्ली डाउन रेलवे ट्रैक पर जौलखेड़ा के पास गुरुवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, रेलवे ट्रैक के पास से गुजर रहे राहगीरों ने शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव क्षत-विक्षत हालत में होने के कारण युवक की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस को मृतक के पास से कोई पहचान पत्र, मोबाइल फोन या अन्य सामान भी नहीं मिला है।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक किसी चलती ट्रेन से गिरा होगा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस का अनुमान है कि घटना देर रात की हो सकती है।

घटना की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी भी खंगाली जा रही है। रेलवे पुलिस से भी संपर्क कर मृतक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि युवक की पहचान होने के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment