Betul Police Action : सेल्टिया जलाशय हत्याकांड का आखिरी आरोपी पुणे से गिरफ्तार, सभी आरोपी अब पुलिस गिरफ्त में

Follow Us:

Betul Police Action : बैतूल। जिले के बोरदेही थाना क्षेत्र में हुए चर्चित सेल्टिया जलाशय हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके साथ ही इस सनसनीखेज हत्याकांड के सभी आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।

जानकारी के अनुसार 15 मई 2026 को ग्राम कारोपानी के पास स्थित सेल्टिया जलाशय में एक युवक का शव संदिग्ध हालत में मिला था। सूचना पर थाना प्रभारी राधेश्याम बट्टी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। युवक का शव पानी में औंधे मुंह पड़ा हुआ था और उसे एक भारी पेड़ के तने के नीचे दबाया गया था। मृतक की पहचान राजू उईके (22) निवासी ढाकरवाड़ी थाना नवेगांव जिला छिंदवाड़ा के रूप में हुई थी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने और गंभीर चोटों के कारण हत्या की पुष्टि हुई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि मजदूरी के पैसों के लेन-देन को लेकर मृतक और आरोपियों के बीच विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि 13 मई को एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद राजू उईके आरोपियों के साथ मोटरसाइकिल से गया था, जिसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।

पहले गिरफ्तार आरोपियों में रुपेश कवडे निवासी टुईढाना सेल्टिया जिला छिंदवाड़ा, आयुष नर्रे निवासी बामला जिला बैतूल, तेजीलाल उईके निवासी ढाकरवाड़ी जिला छिंदवाड़ा तथा एक विधि-विरुद्ध बालक शामिल थे। वहीं फरार आरोपी संजय उर्फ संजू पिता अनिल धुर्वे (20) निवासी ढाकरवाड़ी थाना नवेगांव जिला छिंदवाड़ा पर पुलिस ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

लगातार तलाश और तकनीकी निगरानी के बाद पुलिस ने आरोपी संजय उर्फ संजू को पुणे से गिरफ्तार कर लिया। थाना बोरदेही पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना जारी रखी है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment