Betul Police News : शाहपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गौवंश से भरी बोलेरो पिकअप जब्त

Follow Us:

15 गौवंश बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार; एक मवेशी की मौत

Betul Police News : बैतूल जिले में गौवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शाहपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गौवंश से भरी एक बोलेरो पिकअप जब्त की है। पुलिस ने वाहन से 15 गौवंश बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद किए गए मवेशियों में से एक की मौत हो गई, जबकि शेष 14 गौवंश को सुरक्षित गौशाला पहुंचाया गया।

पुलिस को सोमवार देर रात सूचना मिली थी कि घोड़ाडोंगरी से अर्जुनगोंदी जंगल मार्ग की ओर एक बोलेरो पिकअप में बड़ी संख्या में गाय-बछड़ों को ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर शाहपुर थाना पुलिस ने अर्जुनगोंदी रोड पर घेराबंदी कर वाहन क्रमांक MP48-G-3585 को रोका।

मुंह और पैर बांधकर ठूंस-ठूंसकर भरे थे मवेशी

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 15 गौवंश क्रूरतापूर्वक भरे मिले। पुलिस के अनुसार सभी मवेशियों के मुंह और पैर बांधे गए थे और उन्हें बेहद अमानवीय तरीके से वाहन में ठूंसकर ले जाया जा रहा था।

मौके से पुलिस ने पंकज बारसे निवासी शोभापुर थाना रानीपुर और लोकेश ग्वालवंशी निवासी बांसपानी थाना कोतवाली बैतूल को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के खिलाफ मध्य प्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

गौशाला पहुंचने पर एक मवेशी मृत मिला

जब्त किए गए गौवंश को बाकाखोदरी गौशाला भेजा गया, जहां पहुंचने पर एक मवेशी मृत पाया गया। पुलिस ने मृत मवेशी के पोस्टमार्टम के लिए पशु चिकित्सक को सूचना दी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

इस कार्रवाई में शाहपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमरे, सहायक उपनिरीक्षक सुनील कैथवास, सहायक उपनिरीक्षक भीकम सिंह राज, आरक्षक Rajesh Sen, शुभम, आदेश और प्रधान आरक्षक अनुप कहार की अहम भूमिका रही।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment