Highway Accident : मुलताई-बैतूल हाईवे पर दो कारों की भिड़ंत, दो गंभीर घायल

Follow Us:

Highway Accident : मुलताई-बैतूल हाईवे पर ग्राम मोहि के पास सोमवार दोपहर करीब 1 बजे दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तत्काल पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।

जानकारी के अनुसार, नागपुर निवासी रेखा नंदनवार (56) और विकास नंदनवार (66) अपनी कार से बैतूल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी कार से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को वाहनों से बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को मुलताई के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों को गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

ग्रामीण मनोज के मुताबिक, हाईवे पर तेज रफ्तार और अचानक सामने आए वाहन के कारण यह दुर्घटना हुई। हादसे के बाद कुछ देर तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई।

प्रारंभिक जांच में तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। प्रशासन ने वाहन चालकों से हाईवे पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment