Betul News : प्रेमिका को बुलाने की जिद में जियो टॉवर पर चढ़ा युवक, 4 घंटे बाद उतारा गया सुरक्षित

Follow Us:

शराब के नशे में टॉवर पर चढ़ा युवक, प्रशासन की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

Betul News : बक्का ग्राम पंचायत में रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब 28 वर्षीय युवक जियो के मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। युवक शराब के नशे में था और अपनी प्रेमिका को बुलाने की जिद कर रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

जानकारी के अनुसार युवक की पहचान संदीप बारस्कर (28) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर करीब 3 बजे वह मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक नशे की हालत में था और परिवार से विवाद के बाद यह कदम उठाया। टॉवर पर चढ़कर वह लगातार अपनी प्रेमिका को बुलाने की मांग कर रहा था। युवक का कहना था कि गांव के लोग उसे चिढ़ाते हैं और परिवार वालों ने भी उसे रोक रखा है।

पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही डायल 100, चौकी प्रभारी सुरेश सिंह, तहसीलदार बसंत कुमार बरखानिया और जनपद पंचायत सीईओ नान सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने युवक को समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ।

स्थिति को गंभीर देखते हुए प्रशासन ने मौके पर जमा भीड़ को पूरी तरह हटवा दिया। अधिकारियों की समझाइश और भीड़ कम होने के बाद युवक का गुस्सा शांत हुआ और शाम करीब 7 बजे वह खुद ही टॉवर से नीचे उतर आया।

सुरक्षित घर पहुंचाया गया युवक

टॉवर से नीचे उतरने के बाद पुलिस ने युवक को सुरक्षित उसके घर पहुंचा दिया। चौकी प्रभारी सुरेश सिंह ने बताया कि प्रशासन और पुलिस की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बनी हुई है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment