Betul Earthquake : बैतूल में भूकंप के झटकों से दहशत, मुलताई-पांढुर्णा में हिले घरों के दरवाजे

Follow Us:

3.9 तीव्रता का भूकंप, मानीखापा गांव के पास रहा केंद्र

Betul Earthquake : बैतूल जिले में शनिवार रात भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार रात 9 बजकर 31 मिनट 2 सेकंड पर 3.9 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इसके झटके मुलताई, पांढुर्णा और आसपास के क्षेत्रों में महसूस किए गए।

जानकारी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र स्थित मानीखापा गांव के पास था। इसकी गहराई जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे बताई गई है। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार यह केंद्र पचमढ़ी से लगभग 68 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पूर्व दिशा में स्थित था।

घरों के दरवाजे और खिड़कियां हिलने लगीं

भूकंप के झटकों के दौरान मुलताई क्षेत्र में कई लोगों ने घरों के गेट, खिड़कियां और दरवाजे हिलते हुए महसूस किए। स्थानीय समाजसेवी पाशा खान ने बताया कि रात करीब 9:31 बजे अचानक कंपन महसूस हुआ और घर का गेट तेज़ी से हिलने लगा। इसके बाद कुछ समय तक हल्के झटके महसूस होते रहे, जिससे लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए।

कम गहराई के कारण अधिक महसूस हुआ कंपन

विशेषज्ञों के अनुसार, भूकंप की तीव्रता भले ही 3.9 रिक्टर स्केल रही हो, लेकिन इसकी गहराई कम होने के कारण कंपन ज्यादा महसूस हुआ। मुलताई, पांढुर्णा और आसपास के इलाकों में लोग देर तक घरों के बाहर खड़े रहे और एक-दूसरे को फोन कर जानकारी लेते रहे।

नुकसान की कोई सूचना नहीं

राहत की बात यह रही कि अब तक किसी प्रकार की जनहानि या बड़े नुकसान की कोई सूचना सामने नहीं आई है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सतर्क रहने की अपील की है।

आफ्टरशॉक्स की संभावना से सतर्क रहने की सलाह

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में हल्के कंपन महसूस किए जा रहे थे। विशेषज्ञों के अनुसार, मुख्य भूकंप के बाद आफ्टरशॉक्स की संभावना बनी रहती है। ऐसे में लोगों को जर्जर भवनों से दूर रहने और किसी भी आपात स्थिति में सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment