Betul District News : बैतूल। जिले के हिवरखेड़ी क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय छात्र की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतक छात्र स्कूल की छुट्टियों के दौरान अपने नाना-नानी के घर आया हुआ था। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान मुलताई थाना क्षेत्र के ग्राम मोही निवासी गौरव सोलंकी पिता घनश्याम सिंह सोलंकी के रूप में हुई है। गौरव कक्षा दसवीं का छात्र था और छुट्टियों के चलते हिवरखेड़ी में अपने नाना-नानी के यहां रह रहा था।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच ग्रामीणों ने तालाब में एक बालक को डूबते हुए देखा। इसकी सूचना तत्काल परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
ग्रामीणों और पुलिस की मदद से करीब 10 बजे बालक के शव को तालाब से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बैतूल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों ने बताया कि गौरव पढ़ाई में होनहार छात्र था। परिवार में उसकी एक बड़ी बहन है और वह माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता खेती-किसानी का कार्य करते हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और बालक के तालाब में डूबने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
