आठनेर क्षेत्र के गांवों में पहुंचे कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनवणे, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
Betul News : बैतूल जिले में भीषण गर्मी के बीच कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे लगातार मैदानी क्षेत्रों का दौरा कर विकास कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। शुक्रवार को उन्होंने आठनेर क्षेत्र के कई गांवों में पहुंचकर निर्माणाधीन जल संरचनाओं, आंगनवाड़ी केंद्रों और स्कूलों का निरीक्षण किया। तेज धूप और गर्मी के बावजूद कलेक्टर ने मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
दौरे के दौरान कलेक्टर ने निर्गुड़ मध्यम सिंचाई परियोजना का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि 14.77 एमसीएम क्षमता वाले इस जलाशय का लगभग 95 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि माइक्रो इरिगेशन सिस्टम का 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। कलेक्टर ने आगामी मानसून में जलाशय को पूर्ण क्षमता तक भरने और परियोजना के शेष कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों के अनुसार, परियोजना पूर्ण होने के बाद आठनेर क्षेत्र के 10 जनजातीय गांवों की लगभग 3500 हेक्टेयर भूमि सिंचित हो सकेगी। कलेक्टर ने किसानों को आधुनिक सिंचाई प्रणाली के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया।
इसके बाद कलेक्टर बोरपानी गांव पहुंचे, जहां उन्होंने सक्षम आंगनवाड़ी केंद्र और प्राथमिक शाला का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों से संवाद किया, पोषण आहार की गुणवत्ता स्वयं चखकर परखी तथा शिक्षण गतिविधियों का अवलोकन किया। ग्रामीणों द्वारा अतिरिक्त कक्ष निर्माण की मांग किए जाने पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्कूल संचालन और शिक्षा व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों से फीडबैक भी लिया। इसके बाद उन्होंने मुसाखेड़ी में निर्माणाधीन अमृत सरोवर का निरीक्षण किया और कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरोवर बनने से क्षेत्र में सिंचाई सुविधा बढ़ेगी और किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
दौरे के दौरान ग्रामीण महिलाओं ने पलायन की समस्या भी कलेक्टर के सामने रखी। इस पर कलेक्टर ने अधिकारियों को महिलाओं को मछली पालन समूहों से जोड़कर स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं निर्गुण से मुसाखेड़ी तक सड़क निर्माण की मांग पर भी आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
