Betul Railway Station : चलती गोंडवाना एक्सप्रेस में चढ़ते समय महिला गिरी, आरपीएफ जवान ने बचाई जान

Follow Us:
बैतूल स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, महिला घायल

Betul Railway Station : बैतूल रेलवे स्टेशन पर गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया। चलती गोंडवाना एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान एक महिला यात्री ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिर गई। मौके पर मौजूद आरपीएफ जवान ने तत्परता दिखाते हुए अपनी जान जोखिम में डालकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हुई, जबकि जवान को भी मामूली चोटें आईं।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 4:38 बजे ट्रेन नंबर 12409 गोंडवाना एक्सप्रेस बैतूल स्टेशन पर पहुंची थी। गाजियाबाद निवासी 45 वर्षीय प्रमिला शर्मा अपने परिवार के साथ रायपुर से निजामुद्दीन की यात्रा कर रही थीं। ट्रेन रुकने के दौरान वह पानी लेने प्लेटफॉर्म पर उतर गईं।

बताया जा रहा है कि ट्रेन के रवाना होते ही प्रमिला शर्मा ने जल्दबाजी में चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की। इसी दौरान उनका हाथ कोच के हैंडल से छूट गया और वह प्लेटफॉर्म व ट्रेन के बीच गिरकर घिसटने लगीं। घटना देखकर प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी मच गई।

मौके पर ड्यूटी कर रहे आरपीएफ के प्रधान आरक्षक कुलवंत सिंह ने बिना समय गंवाए दौड़ लगाकर महिला को बाहर खींच लिया। उनकी सतर्कता और बहादुरी से महिला की जान बच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ सेकंड की देरी बड़ा हादसा बन सकती थी।

घटना के बाद ट्रेन मैनेजर पी.के. दांगी ने तुरंत वैक्यूम लगाकर ट्रेन को रोका। इसके बाद ट्रेन लगभग छह मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही और शाम 4:46 बजे रवाना हुई।

हादसे में प्रमिला शर्मा के पैर की एड़ी में गंभीर चोट आई है। वहीं प्रधान आरक्षक कुलवंत सिंह के घुटने और कोहनी पर भी हल्की चोटें आईं। घायल महिला को आरपीएफ के एएसआई मिश्रा के साथ जिला अस्पताल बैतूल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने आरपीएफ जवान कुलवंत सिंह के साहसिक कार्य की सराहना की। यह घटना एक बार फिर चलती ट्रेन में चढ़ने और उतरने के खतरों को उजागर करती है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment