छात्रा की शिकायत पर 7 दिनों के लिए निलंबित, जांच समिति गठित
JH College Betul : प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस जेएच कॉलेज में जनभागीदारी समिति से पदस्थ अतिथि विद्वान रूपेश सोनी पर एक छात्रा ने अशोभनीय व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले के सामने आने के बाद कॉलेज प्रशासन ने संबंधित अतिथि विद्वान को 7 दिनों के लिए निलंबित कर दिया है और जांच समिति गठित की गई है।
जानकारी के अनुसार, पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति फॉर्म के सत्यापन के लिए कॉलेज पहुंची एक आदिवासी छात्रा ने आरोप लगाया कि संस्कृत विभाग में पदस्थ अतिथि विद्वान रूपेश सोनी ने उससे मोबाइल नंबर मांगा और आपत्तिजनक बातें कीं। छात्रा का आरोप है कि अतिथि विद्वान ने उससे दोस्ती करने का प्रस्ताव दिया और कहा कि यदि वह संपर्क में रहेगी तो कॉलेज के काम आसानी से हो जाएंगे तथा उसे बार-बार कॉलेज आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। साथ ही घूमने-फिरने की बात भी कही गई।
छात्रा ने मामले की लिखित शिकायत कॉलेज की प्राचार्य डॉ. मीनाक्षी चौबे से की। शिकायत मिलते ही प्राचार्य ने तत्काल बैतूल गंज थाना पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस कॉलेज पहुंची। हालांकि बाद में छात्रा ने एफआईआर दर्ज कराने से इनकार कर दिया और केवल विभागीय कार्रवाई की मांग की।
इसके बाद कॉलेज प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित अतिथि विद्वान रूपेश सोनी को 7 दिनों के लिए निलंबित कर दिया। साथ ही मामले की जांच आंतरिक परिवाद एवं अनुशासन समिति को सौंप दी गई है।
कॉलेज प्रशासन के अनुसार समिति सभी पक्षों के बयान दर्ज कर विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार करेगी। प्राचार्य डॉ. मीनाक्षी चौबे ने कहा कि जांच में आरोप सिद्ध होने पर आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर निलंबन अवधि भी बढ़ाई जा सकती है।
