मुलताई पुलिस की कार्रवाई, दूसरी शादी तय होने की जानकारी मिलने पर युवती ने दर्ज कराई शिकायत
Multai News : मुलताई पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करेगी। मामले में आरोपी ने युवती को शादी का भरोसा देकर लंबे समय तक संबंध बनाए और बाद में दूसरी शादी तय होने की जानकारी देकर अपने वादे से मुकर गया।
थाना मुलताई में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी कमलेश मोहबे निवासी माथनी पीड़िता का रिश्तेदार है। बताया गया है कि आरोपी ने जून 2023 में युवती को प्रपोज किया था, जिसे युवती ने जनवरी 2025 में स्वीकार किया। इसके बाद आरोपी ने मुलताई और भोपाल में शादी करने का आश्वासन देकर युवती के साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता के मुताबिक दोनों ने 30 अप्रैल को कोर्ट मैरिज करने का निर्णय लिया था। लेकिन बाद में आरोपी ने युवती को मैसेज कर बताया कि उसकी शादी 12 मई को किसी दूसरी युवती से तय हो चुकी है। इसके बाद पीड़िता ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं एसडीओपी एस.के. सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नरेन्द्रसिंह परिहार के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए आरोपी कमलेश मोहबे पुत्र रमेश मोहबे, उम्र 28 वर्ष निवासी माथनी को गिरफ्तार किया गया।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी नरेन्द्रसिंह परिहार, उप निरीक्षक मोनिका पटले, आरक्षक गोपाल, सुभाष, रेशम, महिला आरक्षक मेघा, महिला आरक्षक छाया एवं सैनिक ज्वाला की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
