महिलाओं और बच्चों को 1 से 1.5 किमी दूर से लाना पड़ रहा पानी, SDM ने दिए तत्काल सुधार के निर्देश
Multai News : मुलताई ब्लॉक के सोनोरा गांव में पिछले 10 दिनों से गंभीर जल संकट बना हुआ है। मुलताई मुख्यालय से करीब 5 किलोमीटर दूर स्थित इस गांव में नियमित पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है, जिससे ग्रामीणों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पानी की कमी के चलते ग्रामीणों को एक से डेढ़ किलोमीटर दूर जाकर पानी लाना पड़ रहा है। इसका सबसे अधिक असर महिलाओं और बच्चों पर पड़ रहा है, जिन्हें सुबह से ही पानी की तलाश में निकलना पड़ता है। गांव के जल स्रोत लगातार सूखते जा रहे हैं और भूजल स्तर भी काफी नीचे पहुंच गया है। गांव में मौजूद बोरवेल भी पर्याप्त पानी नहीं दे पा रहे हैं।
सोनोरा में चार से पांच बोरवेल का पानी एक कुएं में एकत्र कर सोनोरा और खड़ा अमला गांव में सप्लाई की जाती है, लेकिन जलस्तर गिरने और तकनीकी खराबी के कारण यह व्यवस्था भी प्रभावित हो गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, हाल के दिनों में पंप फीडर की बिजली सप्लाई बंद रहने से जलापूर्ति व्यवस्था और अधिक बिगड़ गई। इसके चलते कई घरों तक पीने का पानी पहुंचना भी बंद हो गया है।
जल संकट के कारण गांव का सामान्य जनजीवन प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों का अधिकांश समय पानी की व्यवस्था करने में ही निकल रहा है, जिससे दैनिक कामकाज पर भी असर पड़ रहा है।
मामले की जानकारी मिलने पर एसडीएम राजीव कहार ने संबंधित विभागों को तत्काल समस्या समाधान के निर्देश दिए हैं। उन्होंने ग्राम पंचायत और बिजली विभाग को जलापूर्ति व्यवस्था जल्द बहाल करने के लिए कहा है।
ग्राम पंचायत सोनोरा की सरपंच मनीषा योगेश मगरदे ने बताया कि पंचायत स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को वैकल्पिक रूप से पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है और जल्द ही समस्या का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।
