Cow Explosion Case : बैतूल जिले के कोयलारी गांव में हुए गौवंश विस्फोट कांड ने अब गंभीर रूप ले लिया है। ग्रामीणों और राष्ट्रीय हिंदू सेना ने दावा किया है कि इस घटना में अब तक 6 गौवंशों की मौत हो चुकी है, जबकि कुल 11 गौवंश प्रभावित हुए हैं। मामले को लेकर गुरुवार शाम ग्रामीणों और संगठन के कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर एवं एसपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
राष्ट्रीय हिंदू सेना के प्रदेश संयोजक पवन मालवीय के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने प्रशासन से विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज करने, विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने और प्रभावित पशुपालकों को उचित मुआवजा देने की मांग की। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन प्रभावित गौवंशों की संख्या कम बताकर मामले को हल्का दिखाने का प्रयास कर रहा है। संगठन ने मांग की कि आरोपियों तक विस्फोटक सामग्री कैसे पहुंची और बारूद कहां से लाया गया, इसकी उच्च स्तरीय जांच कराई जाए।
ज्ञापन में आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 429, मध्यप्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की मांग की गई है। साथ ही एसआईटी गठित कर शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की भी मांग उठाई गई।
ग्रामीणों द्वारा तैयार पंचनामे के अनुसार, लखन मवासे, चुन्ना शैलू, अनिल सलाम, समरलाल कुमरे के एक-एक बैल तथा लखन काजले और रामेश्वर अखंडे की एक-एक गाय की मौत हुई है। वहीं दो गाय गंभीर रूप से घायल बताई गई हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मृत और घायल गौवंशों के मालिकों को उचित मुआवजा देने तथा नुकसान की भरपाई करने की मांग भी की है।
