Betul Suicide Case : बैतूल के गंज थाना क्षेत्र में 12वीं पास एक नाबालिग छात्र द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। छात्र की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां गुरुवार तड़के इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र के पिता टेंट व्यवसाय से जुड़े हैं। परिवार पहले चुन्नीढाना गंज क्षेत्र में रहता था, जबकि वर्तमान में परिवार के कुछ सदस्य गऊठाना इलाके में निवास कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि छात्र ने हाल ही में 12वीं की परीक्षा पास की थी और आगे कॉलेज में प्रवेश की तैयारी कर रहा था।
परिजनों के मुताबिक, बुधवार रात खाना खाने के बाद छात्र ने अपने बड़े भाई से गर्मी लगने की शिकायत की थी। कुछ देर बाद उसे अचानक उल्टियां शुरू हो गईं। लगातार तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे।
रात करीब 12 बजे छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए तुरंत आईसीयू में शिफ्ट कर उपचार शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद गुरुवार तड़के इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद गंज थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। गंज थाना टीआई नीरज पाल ने बताया कि फिलहाल मर्ग डायरी प्राप्त नहीं हुई है, डायरी मिलने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
