Betul Weather News : प्रभात पट्टन में बदला मौसम का मिजाज, तेज बारिश से मिली राहत

Follow Us:

Betul Weather News : मुलताई। तहसील के प्रभात पट्टन क्षेत्र में बुधवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ले ली। दोपहर करीब 3 बजे आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गई। लगभग आधे घंटे तक हुई इस बारिश ने पूरे क्षेत्र के मौसम को बदलकर रख दिया।

बारिश के दौरान तेज हवाएं भी चलीं, जिससे कई स्थानों पर पेड़ों की डालियां जोर-जोर से हिलने लगीं। अचानक बदले मौसम के चलते लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ी। इस बारिश से जहां भीषण गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिली, वहीं उमस में बढ़ोतरी भी महसूस की गई।

स्थानीय नागरिकों संजू, पवन और राजेश के अनुसार सुबह से मौसम सामान्य था और तेज धूप निकल रही थी, लेकिन दोपहर बाद बिना किसी पूर्व संकेत के मौसम बदल गया। अचानक शुरू हुई बारिश से लोग हैरान रह गए। बाजार क्षेत्र में दुकानदारों और राहगीरों को बारिश से बचने के लिए दुकानों और छज्जों के नीचे शरण लेनी पड़ी।

जानकारी के मुताबिक प्रभात पट्टन के आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई, हालांकि सबसे अधिक बारिश प्रभात पट्टन क्षेत्र में ही दर्ज की गई। किसानों के लिए यह बारिश आंशिक रूप से लाभकारी मानी जा रही है, लेकिन तेज हवाओं के कारण कुछ स्थानों पर फसलों को नुकसान की आशंका भी जताई जा रही है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment