Cow Attack Case : बैतूल जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई। कोयलारी गांव (पंचायत कछार) में तालाब के पास रखे संदिग्ध विस्फोटक पदार्थ के फटने से 3 गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 गोवंश गंभीर रूप से घायल हो गए। कई पशुओं के मुंह और जबड़े बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, राकेश चौहान के खेत के पास बने छोटे तालाब पर गोवंश पानी पीने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां रखे आटे की लोई जैसे दिखने वाले पदार्थ को खाने पर अचानक जोरदार धमाके हुए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विस्फोट इतना भीषण था कि कई गायों के जबड़े तक अलग हो गए।
आटे की लोई में छिपाया गया था विस्फोटक
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विस्फोटक सामग्री को आटे की लोई के रूप में छिपाकर रखा गया था। इसे खाते ही धमाका हुआ, जिससे गोवंश बुरी तरह घायल हो गए। आशंका जताई जा रही है कि यह देसी “सुअर मार बम” हो सकता है।
घायल पशुओं की हालत गंभीर
हिंदू संगठनों के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना पर आक्रोश जताया। हिंदू सेना के प्रदेश अध्यक्ष दीपक मालवीय ने बताया कि कई गायों के जबड़े पूरी तरह उड़ चुके हैं, जिससे वे अब खाने-पीने में असमर्थ हैं। पशु चिकित्सकों की टीम मौके पर पहुंचकर घायल गोवंश का इलाज कर रही है।
जांच के लिए बम स्क्वॉड तैनात
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। भौंरा चौकी प्रभारी उप निरीक्षक नीरज खरे ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए नर्मदापुरम से बम स्क्वॉड टीम बुलाई गई है, जो घटनास्थल की जांच कर रही है।
अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
ग्रामीणों में आक्रोश, सुरक्षा पर सवाल
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं।
