Betul Accident News : बैतूल जिले के मोहदा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में एक 90 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि करीब 25 लोग घायल हो गए। ट्रॉली में लगभग 35 महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे सवार थे, जो गुप्तवाड़ा से पूजा-अर्चना कर अपने गांव लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा रात करीब 8 बजे खेरा-कुनखेरी हनुमान मंदिर के पास हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेज मोड़ पर ट्रैक्टर चालक संतुलन खो बैठा, जिससे ट्रॉली पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 और मोहदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया
डायल 112 के पायलट गोविंद बिल्लोरे, प्रधान आरक्षक सचिन माहोरे और एसआई रामस्वरूप रघुवंशी ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को भीमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। कुछ घायलों को निजी वाहनों की मदद से भी अस्पताल भेजा गया। देर रात करीब 2 बजे तक 13 गंभीर घायलों को बैतूल जिला अस्पताल रेफर कर भर्ती कराया गया।
अस्पताल में बढ़ाई गई व्यवस्थाएं
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला अस्पताल में अतिरिक्त डॉक्टरों की तैनाती की गई है, ताकि घायलों का समुचित इलाज किया जा सके। पुलिस के अनुसार, हादसे में भोडिलावा निवासी 90 वर्षीय बुकला की मौत हो गई है। मृतक का पोस्टमार्टम भीमपुर में कराया जाएगा, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।
इन लोगों को आई चोटें
हादसे में भोडिलावा निवासी कृष्णा (14), रामबाई (50), कोटमी निवासी बीसराम (50), गोलाई निवासी ईश्वर (24) सहित कई लोग घायल हुए हैं। इसके अलावा फुलवती (3), जयश्री (30), कली (30), अर्जुन (25), उर्मिला (30), रेखा (30), शिवराम (40), तुलसीराम (28) और लोधी (60) को भी चोटें आई हैं। घायलों में कुछ को फ्रैक्चर और कुछ को अंदरूनी चोटें बताई जा रही हैं।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का विस्तृत पता लगाया जा रहा है।
