Betul Breaking News : बैतूल के गांधी चौक से वर्षों पुराना अतिक्रमण हटा, 2.24 करोड़ की पार्किंग परियोजना को मिली रफ्तार

Follow Us:

जेसीबी से चली कार्रवाई, दुकानदारों को किया जाएगा व्यवस्थित; बारिश से पहले काम पूरा करने का लक्ष्य

Betul Breaking News : बैतूल। शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र गांधी चौक पर सोमवार को नगरपालिका प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वर्षों पुराना अतिक्रमण हटा दिया। पुलिस बल की मौजूदगी में सड़क किनारे और शेड डालकर संचालित हो रही सब्जी, कॉस्मेटिक, पान, कपड़े और अनाज की दुकानों को हटाया गया।

कार्रवाई के दौरान टीआई देवकरण डहरिया पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। नगरपालिका की टीम ने दो जेसीबी मशीनों की मदद से अतिक्रमण हटाने का काम किया। हालांकि चौक पर स्थित अशोक स्तंभ को फिलहाल नहीं हटाया गया है। इसे लेकर पूर्व में विवाद हो चुका है, इसलिए प्रशासन ने इसे बाद में हटाने की योजना बनाई है।

नगरपालिका ने हटाए गए दुकानदारों के लिए डीईओ कार्यालय के पास अस्थायी व्यवस्था की थी, लेकिन अधिकांश व्यापारी वहां नहीं पहुंचे। प्रशासन का कहना है कि उन्हें जल्द ही व्यवस्थित रूप से बसाया जाएगा।

नगरपालिका सीएमओ नवनीत पांडे ने बताया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई व्यवस्थापन के साथ की गई है। गांधी चौक पर अब अंडरग्राउंड बेसमेंट में पार्किंग और ऊपर शेड निर्माण की योजना है, जिसमें पुराने दुकानदारों को व्यवस्थित किया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 2 करोड़ 24 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे।

जानकारी के अनुसार, निर्माण कार्य का ठेका सिंगरौली के ठेकेदार राजेंद्र सिंह को दिया गया है। बारिश से पहले करीब दो माह में काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। पार्किंग में प्रवेश मुख्य सड़क की ओर से होगा, जबकि सीमेंट रोड की तरफ सीढ़ियों का निर्माण किया जाएगा।

यह योजना बैतूल विधायक एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की पहल पर तैयार की गई है। गांधी चौक शहर का प्रमुख व्यापारिक केंद्र है, जहां दिनभर दोपहिया वाहनों की भारी आवाजाही रहती है। दुकानदारों द्वारा सड़क पर सामान फैलाने और संकरी सड़क के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनती थी। प्रशासन का मानना है कि अतिक्रमण हटने और पार्किंग बनने से यहां यातायात व्यवस्था में सुधार होगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment