फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और पुलिस की भूमिका की निष्पक्ष जांच की मांग, कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी
Betul Murder Case : बैतूल। रिटायर्ड सीआरपीएफ जवान बाबूराव सातनकर हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर सोमवार को परिजन पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। मृतक की पत्नी दुर्गा सातनकर सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने एसपी को आवेदन सौंपकर फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और मामले में कुछ पुलिसकर्मियों की कथित संलिप्तता की निष्पक्ष जांच की मांग की।
परिजनों के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 को ग्राम बरसाली में खेत पर गेहूं की फसल काटते समय बाबूराव सातनकर पर कुछ लोगों ने लाठी-डंडों और पाइप से हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल बाबूराव की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिवार का आरोप है कि घटना की सूचना 112 पर देने के बावजूद समय पर पुलिस कार्रवाई नहीं हुई। साथ ही कुछ पुलिसकर्मियों पर पहले से जानकारी होने और आरोपियों से मिलीभगत के आरोप भी लगाए गए हैं।
पुलिस ने मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी अभी भी फरार हैं। गंज पुलिस ने पहले ओमप्रकाश यादव और पिल्लू उर्फ फूलचंद करोचे को पकड़ा था। बाद में फरार आरोपी नवीन उर्फ नवीन्द्र यादव को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच में सामने आया है कि खेत की मेढ़ को लेकर पुरानी रंजिश इस हत्या की मुख्य वजह बनी। दोनों पक्षों के बीच वर्षों से जमीन विवाद चला आ रहा था। वर्ष 2014 में इसी विवाद को लेकर गोलीकांड भी हुआ था, जिसमें बाबूराव सातनकर ने ओमप्रकाश यादव पर गोली चलाई थी। इस मामले में बाबूराव को सजा भी हुई थी और वे कुछ समय जेल में रहे थे। हालांकि बाद में जमीन विवाद में कोर्ट का फैसला बाबूराव के पक्ष में आया, लेकिन रंजिश खत्म नहीं हुई।
परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
