Betul Crime News : बैतूल। साईंखेड़ा पुलिस ने एक हत्या के मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में की गई, जिसमें पुलिस टीम की सक्रियता और तकनीकी जांच की अहम भूमिका रही।
थाना प्रभारी बीएल ऊईके के अनुसार, 2 मई 2026 को फरियादी कविता साहू ने अपने भाई गुरूदेव साहू की हत्या की रिपोर्ट अज्ञात आरोपियों के खिलाफ दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर थाना साईंखेड़ा में अपराध क्रमांक 57/26 के तहत धारा 103, 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी सुनील लाटा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक भैयालाल उइके ने ग्राम गौला पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से साक्ष्य जुटाए गए, साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए।
ग्राम गुड़ी के निवासी हैं आरोपी
जांच के दौरान साइबर सेल की सहायता से पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ग्राम गुड़ी निवासी चेतन गोस्वामी और संदीप कवड़े को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय मुलताई में पेश किया गया। न्यायालय ने दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
पुराने विवाद ने ली जान
पुलिस के अनुसार, हत्या की वजह पुरानी रंजिश थी। मृतक और आरोपियों के बीच कृषि उपकरण लेने को लेकर विवाद चल रहा था। 1 मई को इसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो मारपीट में बदल गई। इस दौरान चेतन ने लकड़ी से हमला किया और बाद में गला दबाकर गुरूदेव की हत्या कर दी, जबकि संदीप ने उसे पकड़ रखा था। वारदात के बाद आरोपियों ने शव को खलिहान में ले जाकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश भी की।
पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई जारी रखी है।
