Betul Road Accident : तितली चौराहा पर दर्दनाक हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, एक गंभीरबैतूल। शहर के तितली चौराहा पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बारात से लौट रहे दो युवकों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक मालीपुरा (चिचोली) में एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे। रात करीब 8 से 8:30 बजे के बीच तितली चौराहा पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को जिला चिकित्सालय बैतूल पहुंचाया। यहां इलाज के दौरान चिखलार निवासी 28 वर्षीय विजय शंकर ने दम तोड़ दिया।
मृतक विजय शंकर मजदूरी कर अपना जीवनयापन करता था और अविवाहित था। वहीं, दूसरे घायल युवक हिमांशु कुमरे की हालत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है।
हादसे की सूचना परिजनों को देर रात करीब 2 बजे दी गई, जिसके बाद परिवार में शोक का माहौल छा गया। पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया।
कोतवाली पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है।
