Betul News : बैतूल में MPPSC प्रारंभिक परीक्षा 2026 कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न, 3294 अभ्यर्थी शामिल

On: April 26, 2026 6:47 AM
Follow Us:

Betul News : बैतूल। रविवार को जिले के 8 परीक्षा केंद्रों पर मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की राज्य सेवा एवं वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 शांतिपूर्ण और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की गई। परीक्षा में कुल 3294 अभ्यर्थियों ने भाग लिया।

परीक्षा में पारदर्शिता और नकल रोकने के लिए प्रशासन ने त्रिस्तरीय जांच व्यवस्था लागू की थी। अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पहले बायोमेट्रिक सत्यापन, प्रवेश पत्र की स्कैनिंग और हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) से जांच के बाद ही अंदर जाने दिया गया। पुरुष अभ्यर्थियों की जांच पुरुष स्टाफ और महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला स्टाफ द्वारा की गई, वहीं ट्रांसजेंडर अभ्यर्थियों को अपनी सुविधा अनुसार जांच का विकल्प दिया गया।

पूरे जिले में बनाए गए एक केंद्रीय कंट्रोल रूम से सभी परीक्षा केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग की गई, जिससे परीक्षा का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया गया।

नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर तृप्ति पटेरिया ने बताया कि परीक्षा दो शिफ्टों में आयोजित हुई—पहली सुबह 10 से 12 बजे तक और दूसरी दोपहर 2:15 से 4:15 बजे तक। सभी अभ्यर्थियों को अनिवार्य रूप से 90 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए गए थे।

परीक्षार्थियों को केवल बॉल पेन, पारदर्शी पानी की बोतल, ई-प्रवेश पत्र और वैध पहचान पत्र ही परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने की अनुमति थी।

पूरी परीक्षा व्यवस्था की निगरानी सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी एसबी सिंह द्वारा की गई। प्रत्येक केंद्र पर केंद्राध्यक्ष और पर्यवेक्षक तैनात रहे, जबकि परीक्षा सामग्री के सुरक्षित परिवहन और निगरानी के लिए 6 विशेष दल भी सक्रिय रहे। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, जिनकी लगातार मॉनिटरिंग की गई।

जिले के 8 परीक्षा केंद्र इस प्रकार रहे:

  • शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बांसपानी
  • शासकीय कृषि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बैतूल बाजार
  • शासकीय कन्या महाविद्यालय, सदर
  • शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गंज
  • शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या विद्यालय, कोठी बाजार
  • शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, सोनाघाटी
  • जयवंती हक्सर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सिविल लाइन
  • लिटिल फ्लावर सीनियर सेकेंडरी स्कूल

जिले में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर प्रशासन ने संतोष व्यक्त किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment