Betul Accident News : बड़ोरी में संदिग्ध हालत में मिला युवक, अस्पताल में इलाज के दौरान मौत

On: April 22, 2026 11:45 AM
Follow Us:

Betul Accident News : बैतूल। जिले के बड़ोरी गांव में बुधवार तड़के एक 25 वर्षीय युवक संदिग्ध हालत में सड़क पर घायल अवस्था में मिला, जिसकी बाद में जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक यहां एक शादी समारोह में शामिल होने आया था। घटनास्थल पर उसकी बाइक भी पड़ी मिली, जिससे सड़क हादसे की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मुलताई थाना क्षेत्र के वलनी निवासी देवीदास (25) पुत्र सुरजी धुर्वे के रूप में हुई है। वह मजदूरी का काम करता था और बड़ोरी गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने आया था।

बताया जा रहा है कि बुधवार तड़के वह सड़क पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला। राहगीरों की सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और युवक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल लाते समय वह जीवित था, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण उसे आईसीयू में भर्ती किया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

अज्ञात के रूप में भर्ती, बाद में हुई पहचान
शुरुआत में युवक की पहचान नहीं हो सकी थी और उसे अज्ञात के रूप में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में किसी व्यक्ति द्वारा परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद परिजन अस्पताल पहुंचे और शव की शिनाख्त की।

जांच में जुटी पुलिस
जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम करा लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया मामला सड़क हादसे का माना जा रहा है, हालांकि युवक के सड़क पर संदिग्ध हालत में मिलने के कारण अन्य पहलुओं पर भी जांच की जा रही है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment