Betul Crime News : पूर्व CRPF जवान की हत्या मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

On: April 19, 2026 8:15 AM
Follow Us:

Betul Crime News : बैतूल। जिले के गंज थाना क्षेत्र में पूर्व सीआरपीएफ जवान बाबूराव सातनकर की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शनिवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 17 अप्रैल को बरसाली क्षेत्र में खेत की मेड को लेकर हुए विवाद के दौरान हुई थी।

जानकारी के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपियों ने बाबूराव सातनकर पर डंडों और नोजल पाइप से हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल बाबूराव को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मामले में फरियादी विशाल सातनकर की शिकायत पर गंज थाना में ओमप्रकाश यादव, नवीन यादव और पिल्लू उर्फ फूलचंद करोचे के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सोनाघाटी क्षेत्र से दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र कुमार जैन के निर्देशन में गठित टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर ओमप्रकाश यादव और पिल्लू उर्फ फूलचंद करोचे को सोनाघाटी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि तीसरा आरोपी नवीन यादव अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बाबूराव के साथ खेत की मेड को लेकर उनका पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते 17 अप्रैल को फिर विवाद हुआ और उन्होंने हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडे भी बरामद कर लिए हैं।

गौरतलब है कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर वर्षों से विवाद चला आ रहा था। वर्ष 2014 में भी इसी विवाद को लेकर गोलीकांड हुआ था, जिसमें बाबूराव को सजा हुई थी। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment